मुरादाबाद। मुरादाबाद की सामाजिक संस्था ‘श्रीकांत सेवा समिति’ पिछले 10 वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान भोले के भक्तों की सेवा में निरंतर जुटी हुई है। समिति की ओर से मुरादाबाद से ब्रजघाट तक एक विशेष मोबाइल कार्ड सेवा चलाई जाती है, जिसमें कांवड़ियों के लिए जल, फल, जलजीरा और आवश्यक मेडिकल सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहती हैं।
मार्ग में मरहम-पट्टी और तेल मालिश की सुविधा समिति के अध्यक्ष प्रियांशु जोशी के नेतृत्व में सेवादार एक छोटे वाहन और कई दोपहिया वाहनों के साथ रास्ते भर कांवड़ियों की देखभाल करते हैं। यात्रा के दौरान यदि किसी कांवड़िये को चोट लगती है तो उसकी मरहम-पट्टी की जाती है और उनके थकान दूर करने के लिए पैरों की मालिश की जाती है। यह सेवा अमरोहा और हापुड़ जिले से होते हुए शाम 4 बजे ब्रजघाट पहुंचती है।
प्रशासन और समिति एक-दूसरे के सहयोगी समिति के मीडिया प्रभारी पंडित शरद शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान पड़ने वाले सभी चेक पोस्ट और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों का पूरा सहयोग मिलता है। ब्रजघाट में स्नान और पूजा-पाठ के उपरांत शाम को टीम जोया टोल प्लाजा पहुंचती है, जहां रात 10 बजे तक सेवा कार्य जारी रहता है। इसके बाद सभी सेवादार मुरादाबाद लौटते हैं।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में अंशुल गुप्ता, राजू गुप्ता, गौरव गुप्ता सहित अनेक सेवादारों का विशेष और अविस्मर्णीय योगदान रहता है।
(रिपोर्ट: पंडित शरद शर्मा, मीडिया प्रभारी | संवाददाता: अंकित पाल, मुरादाबाद)