‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई भव्य यात्रा
विरार: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एसआरटी हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रबंधक एवं प्रधानाचार्या सविता जितेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ हिस्सा लिया।
विरार के विभिन्न इलाकों में गूंजे देशभक्ति के नारे
विरार पूर्व स्थित विद्यालय परिसर से शुरू हुई यह यात्रा गोपचर पाड़ा, गणपति मंदिर, विजय नगर और बाबा नगर मार्ग से होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाया। यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पुलिस आयुक्त ने विद्यार्थियों को दी साइबर क्राइम से बचाव की जानकारी
तिरंगा यात्रा के समापन के बाद मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को साइबर अपराधों (Cyber Crime) से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, फर्जी/संदिग्ध लिंक से दूर रहने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने विद्यालय की इस दोहरी पहल की जमकर सराहना की।