चांदा (सुल्तानपुर)। नगर पंचायत कोइरीपुर के विवेक नगर स्थित काशीराम आवास कॉलोनी में रह रहे लगभग 70 परिवार पिछले कई महीनों से बुनियादी सुविधाओं के संकट से जूझ रहे थे। पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं ठप होने के बाद सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी ने कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय निवासियों का हाल जाना और समस्याओं के तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
टंकी का मोटर खराब, शौचालय व्यवस्था भी थी प्रभावित
कॉलोनी का जायजा लेने पहुंचे डॉ. आशीष तिवारी को स्थानीय लोगों ने बताया कि कई महीनों से पानी की टंकी की मोटर खराब थी और टंकी की साफ-सफाई भी नहीं कराई जा रही थी। इसके अलावा शौचालय की व्यवस्था बदहाल होने के कारण कई परिवारों को मजबूरी में खुले में जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। पानी और स्वच्छता की कमी से करीब 70 परिवारों का दैनिक जीवन बेहद कठिन हो गया था।
तत्परता से हुआ समाधान, दूर हुआ पेयजल संकट
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. आशीष तिवारी ने प्रतापपुर कमैचा मंडल अध्यक्ष अनिल और सेवार्थम फाउंडेशन के पदाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद फाउंडेशन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए खराब मोटर को ठीक कराया, टंकी की पूरी सफाई कराई और बिजली की व्यवस्था को भी दुरुस्त कराया।
निवासियों ने जताया आभार
लंबे समय से चली आ रही इस गंभीर समस्या का त्वरित समाधान होने पर कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली और मौके पर पहुंचकर समस्या सुनने व निस्तारण कराने के लिए डॉ. आशीष तिवारी का आभार व्यक्त किया। वहीं डॉ. तिवारी ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय से मिलना बेहद जरूरी है और कॉलोनी में रह रहे परिवारों की सुविधाओं का ध्यान आगे भी रखा जाएगा।
(संवाददाता: शंभू, जौनपुर)