---Advertisement---

डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का लालू नगर में अनावरण |

---Advertisement---

पटना (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो): पटना के रूकनपुरा स्थित लालू नगर में आज डाॅ. भीमराव अम्बेडकर विकास मंच के तत्वाधान में बाबासाहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दलित समाज में शिक्षा का अभाव एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने बाबासाहेब अम्बेडकर के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि वे शिक्षा को ‘शेरनी का दूध’ मानते थे और कहते थे कि जो इसे पिएगा, वही समाज में अपनी पहचान बनाएगा। मंत्री ने समान और सुलभ शिक्षा व्यवस्था के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बाबासाहेब अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका मूलमंत्र था— ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को बाबासाहेब के आदर्शों का पालन करते हुए सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में दीघा के विधायक डाॅ. संजीव चौरसिया, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य शीला प्रजापति सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश पासवान ने की।

वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र प्रजापति ने कहा कि बाबासाहेब अम्बेडकर के विचार और भारतीय संविधान आज भी देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार हैं। कार्यक्रम में मंच के सदस्यों सहित विवेक, गुड़िया, सूरज पासवान, नीरज, सुधीर, छोटू ओझा, नरेश पासवान, श्रवण पासवान, कृष्णा चौधरी, लक्ष्मण राम, गंगासागर, सत्यदेव सुमन, राधे मोहन और स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और बाबासाहेब को पुष्पांजलि अर्पित की।

पुलिस प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर उचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh