पटना के दानापुर स्थित गोला रोड पर डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय संगठन के तत्वावधान में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती समारोह शोभा गार्डेन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मृणाल पासवान, पद्म श्री सुधा वर्गिस, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य शीला पंडित, दानापुर नगर परिषद अध्यक्ष शिल्पी मेहता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अतिथियों ने बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान परिसर में ‘बाबा साहब अमर रहे’ के नारे गूंज उठे।
अतिथियों ने रखे अपने विचार
आयोजन समिति के अध्यक्ष सत्यदेव कुमार सुमन ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने ज्ञान, संघर्ष और दूरदर्शिता के माध्यम से आधुनिक भारत की नींव रखी। वे न केवल संविधान निर्माता थे, बल्कि शोषित वर्ग और नारी शक्ति के प्रबल समर्थक भी थे।
पद्म श्री सुधा वर्गिस ने कहा कि बाबासाहेब ने समाज को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और अधिकारों के लिए संघर्ष करने का मार्ग दिखाया। बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य शीला पंडित ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि हर वंचित नागरिक के सम्मान और अधिकारों की गारंटी है।
दानापुर नगर परिषद अध्यक्ष शिल्पी मेहता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों को जीवन में उतारना और समाज से भेदभाव मिटाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में शामिल हुए सैकड़ों लोग
इस अवसर पर अशोक राम, दीपक राउत, नर्मदेश्वर प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, सच्चिदानंद सिन्हा, सतीश पासवान, विवेक, मंटू कुमार, संतोष, मोहन, मुकेश, माया प्रजापति, भुवनेश्वर, मनीष सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने डॉ. अंबेडकर के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सर्वजन कल्याण समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रजापति ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति में सचिव गंगासागर, कोषाध्यक्ष मीरा, वार्ड पार्षद शशि शर्मा सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।