---Advertisement---

नालासोपारा गोशाला विध्वंस: भाजपा ने उठाया प्रशासन पर सवाल, गाय सुरक्षा को लेकर मची हलचल |

---Advertisement---

नालासोपारा। वसई-विरार महानगरपालिका द्वारा शनि मंदिर के निकट स्थित गोशाला पर की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इस कार्रवाई के दौरान एक गाय के घायल होने की सूचना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा के वसई-विरार जिला महामंत्री मनोज बारोट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि यदि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें निलंबित नहीं किया गया, तो पार्टी सड़क पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
भूमाफियाओं पर नरम, गोशाला पर सख्त: भाजपा का आरोप
मनोज बारोट ने आरोप लगाया कि महानगरपालिका क्षेत्र में भूमाफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, जिन पर प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जब अवैध ढांचे हटाने गई टीमों पर हमले होते हैं, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई से पीछे हट जाता है। वहीं, बेजुबान पशुओं की शरणस्थली पर बिना किसी चेतावनी के जेसीबी चलाना प्रशासन की दोहरी नीति को उजागर करता है।
अस्थायी शेड पर अचानक कार्रवाई, गाय घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभाग क्रमांक 11 में स्थित शनि मंदिर के पास बनी गोशाला पर पिछले सप्ताह भी कार्रवाई की जा चुकी थी। भीषण गर्मी और लू से गायों को बचाने के लिए वहां करीब 40-42 पशुओं के लिए अस्थायी शेड बनाया गया था। आरोप है कि शुक्रवार सुबह महानगरपालिका की टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे उस शेड पर बुलडोजर चला दिया, जिसके कारण एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
विधायक राजन नाईक ने जताई नाराजगी
भाजपा विधायक राजन नाईक ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गाय को ‘राज्यमाता’ का दर्जा दिया है और उनके संरक्षण की बात करता है। ऐसे में महानगरपालिका अधिकारियों द्वारा गायों के आश्रय स्थल पर बुलडोजर चलाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ने कहा कि प्रशासन ने गायों को स्थानांतरित करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया, जो कि मानवीय दृष्टिकोण से भी गलत है।
आगे की कार्रवाई का इंतजार
इस मामले में महानगरपालिका प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिक और पशु प्रेमी इस घटना से आहत हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आगे की स्थिति पर नजर बनाई हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh