वसई (तृप्ति प्रमाण): वसई-विरार महापालिका क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों के लिए एक महत्वपूर्ण संगठन ‘वसई विरार महापालिका पत्रकार संघ’ का गठन अब अंतिम चरण में है। संघ की 15 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव की तिथि आधिकारिक रूप से 12 जून निर्धारित की गई है। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 1 जून से प्रारंभ होकर 5 जून तक चलेगी।
इस संबंध में शुक्रवार, 29 मई को वसई पूर्व स्थित होटल रिजेंसी में आयोजित विशेष बैठक में चुनाव शेड्यूल की घोषणा की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न मीडिया हाउसेज से जुड़े 150 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया, जो संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
पहली बार हो रहा है व्यवस्थित मतदान
वसई के मीडिया इतिहास में पहली बार पत्रकार संगठन के चुनाव के लिए इतनी पारदर्शी और व्यवस्थित मतदान प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वसई-विरार क्षेत्र में कार्यरत हिंदी, मराठी, अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं के पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को एक सामान्य मंच पर जोड़ना है। अब तक 200 से अधिक पत्रकार संघ की सदस्यता के लिए आवेदन जमा कर चुके हैं।
चुनाव पर्यवेक्षकों की घोषणा
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मयूर परिख और अनुभवी मीडियाकर्मी सुधाकर कश्यप को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। दोनों ने चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बैठक का विवरण
कार्यक्रम में दैनिक अखबार, टेलीविजन न्यूज चैनल, साप्ताहिक पत्रिकाएं और डिजिटल/यूट्यूब मीडिया से जुड़े कुल 152 पत्रकार मौजूद रहे। महिला पत्रकारों की भागीदारी भी इस अवसर पर विशेष रही।
कार्यक्रम की शुरुआत पत्रकार सुहास बिरहाडे के प्रस्ताविक भाषण से हुई।
पिछली बैठक का विवरण पत्रकार विजय गायकवाड़ ने पढ़कर सुनाया।
कार्यक्रम का संचालन कुणाल रेगे ने अपने विशिष्ट शैली में किया।
आभार विजय खेतले ने व्यक्त किया।
समन्वयन की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मणराव पाटोले ने निभाई।
अतिथि स्वागत विजय देसाई और राज शर्मा ने किया।
कार्यकारिणी का प्रस्तावित ढांचा
प्रस्तावित 15 सदस्यीय कार्यकारिणी में निम्नलिखित पद शामिल होंगे:
1 अध्यक्ष
2 उपाध्यक्ष
1 महिला कार्याध्यक्ष (आरक्षित)
1 सचिव
1 सहसचिव
1 कोषाध्यक्ष
8 कार्यकारिणी सदस्य
चुनाव कार्यक्रम की समय-सारिणी
तिथि कार्यवाही
1-5 जून नामांकन पत्र स्वीकृति
6 जून नामांकन वापसी की अंतिम तिथि
7 जून जांच के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी
12 जून बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान
इस चुनाव के माध्यम से वसई-विरार क्षेत्र के मीडिया कर्मियों को एक मजबूत और प्रतिनिधि संगठन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जो स्थानीय पत्रकारों के हितों और पेशेवर मानकों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।