वसई में भाकपा को मिला नया युवा नेतृत्व, नानासाहेब कोळेकर ने थामा लाल झंडा |

Share:

पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ प्रवेश; किसान, मजदूर, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर संघर्ष का लिया संकल्प

वसई : वसई तालुका में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-लाल बावटा) को नया युवा नेतृत्व मिला है। क्षेत्र में युवा और सक्रिय नेतृत्व के रूप में पहचान बना रहे नानासाहेब कोळेकर ने कम्युनिस्ट विचारधारा से प्रेरित होकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में प्रवेश किया।

इस अवसर पर कॉमरेड शेरू वाघ, कॉमरेड सीता जाधव, कॉमरेड प्रसाद ईरकर और कॉमरेड निलेश खरपडे उपस्थित रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने नानासाहेब कोळेकर का स्वागत किया और उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, कोळेकर का प्रवेश वसई में कम्युनिस्ट आंदोलन को मजबूत करने और युवाओं को वैचारिक राजनीति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्ष 1925 में स्थापित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी देश के पुराने राजनीतिक दलों में शामिल है।

इस मौके पर कॉमरेड शेरू वाघ ने कहा कि नानासाहेब कोळेकर का पार्टी में शामिल होना जनता के सवालों पर मजबूती और आक्रामकता से संघर्ष करने वाले नेतृत्व के आगमन का संकेत है।

वहीं, नानासाहेब कोळेकर ने किसान और मजदूरों के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आम नागरिकों की बुनियादी समस्याओं को लेकर आंदोलन करने की प्रतिबद्धता जताई।

उनके पार्टी में शामिल होने से वसई तालुका में भाकपा के संगठनात्मक विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share: