वसई फाटा बाइक चोरी मामले में पेल्हार पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार |

Share:

मालेगांव से चोरी की बुलेट समेत तीन मोटरसाइकिलें बरामद, चार अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा

वसई, पालघर। वसई फाटा इलाके से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पेल्हार पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रॉयल एनफील्ड हंटर 350 समेत तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के दौरान चार अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता शादाब आलम अल्ताफ हुसैन खान (34) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त 2026 की रात 9 बजे से 28 अगस्त की सुबह 9 बजे के बीच वसई पूर्व के वसई फाटा स्थित सिटीजन होटल के पास से उनकी रॉयल एनफील्ड हंटर 350 मोटरसाइकिल चोरी हो गई। मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर MH 48 DJ 1153 बताया गया है। इस मामले में पेल्हार पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और संदिग्धों के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि चोरी की मोटरसाइकिल लेकर आरोपी मालेगांव के रमजानपुरा इलाके में पहुंचे थे। इसके बाद तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को संदिग्धों के मालेगांव के निजामपुरा झोपड़पट्टी क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली।

पुलिस ने संदिग्धों की पहचान आसिफ इकबाल मोहम्मद सईद उर्फ आसिफ टेलर (34) और सय्यद हुसेन सय्यद हबीब उर्फ सोनू (28) के रूप में की। पुलिस के अनुसार, आसिफ टेलर के भिवंडी आने की सूचना मिलने पर टीम ने जाल बिछाकर उसे हिरासत में लिया और संबंधित मामले में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 के अलावा सुजुकी बर्गमैन कंपनी की दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे, सहायक पुलिस आयुक्त तानाजी बरडे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में पुलिस निरीक्षक सागर इंगोले, शिवाजी पाटील तथा अपराध प्रकटीकरण टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: