जनता की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र बनेगा कार्यालय: क्षितिज ठाकुर
नालासोपारा, पालघर। आम जनता तक पहुंच बढ़ाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नालासोपारा में बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) के नए जनसंपर्क कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। वसई-नालासोपारा लिंक रोड स्थित रश्मि हाइट्स में स्थापित इस कार्यालय का उद्घाटन पार्टी के युवा नेता एवं पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर ने फीता काटकर किया।
यह कार्यालय वार्ड क्रमांक 22 के पूर्व प्रत्याशी विजय सिंह उर्फ डब्बू की पहल पर शुरू किया गया है। उद्घाटन समारोह में स्थानीय नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में वसई-विरार शहर महानगरपालिका के उपमहापौर मार्शल लोपिस, पूर्व महापौर रूपेश जाधव, नारायण मानकर, शिक्षक के.डी. शर्मा, पूर्व नगरसेवक धनंजय गावड़े और वरिष्ठ लेखक डॉ. धीरज सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में राजेश पांडेय, अजय सिंह, प्रिंस सिंह, अजय तिवारी और विजय मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।
उद्घाटन के दौरान क्षितिज ठाकुर ने कहा कि यह कार्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि जनता और पार्टी के बीच मजबूत सेतु का काम करेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना पार्टी की प्राथमिकता है।
वहीं, विजय सिंह ने कहा कि इस कार्यालय में नागरिक बिना झिझक अपनी समस्याएं रख सकेंगे। उन्होंने बताया कि हितेंद्र ठाकुर और क्षितिज ठाकुर के मार्गदर्शन में जनसेवा का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्यालय को प्रशासनिक कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का उद्देश्य रखा गया है। अब स्थानीय नागरिक यहां अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंच सकेंगे।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण




