वसई

NEET धांधली और दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ वसई में मूसलाधार बारिश के बीच निकला ‘लोकतंत्र बचाओ मोर्चा’ |

संवाददाता: साहिल यादव

वसई: नीट (NEET) परीक्षा में धांधली, पेपर लीक और दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को वसई की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद आयोजित इस सर्वदलीय ‘लोकतंत्र बचाओ मोर्चे’ में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

माणिकपुर से नवघर तक विरोध प्रदर्शन, विरार में मुंह पर काली पट्टी बांध जताया आक्रोश

यह विशाल मोर्चा वसई के माणिकपुर से शुरू होकर नवघर बस डिपो तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। इससे पूर्व, विरार पूर्व के मनवेल पाड़ा क्षेत्र में भी छात्रों और स्थानीय निवासियों ने अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर सरकार की नीतियों के विरोध में मौन प्रदर्शन किया।

सर्वदलीय एकजुटता: कई प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि हुए शामिल

देशव्यापी छात्र आंदोलन को समर्थन देने के लिए आयोजित इस मोर्चे में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), बहुजन विकास आघाड़ी (BVA), आम आदमी पार्टी (AAP), मनसे, समाजवादी पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एक साथ नजर आए।

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि देश के भविष्य और युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोर्चे के माध्यम से मांग की गई कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराई जाए, शिक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता लाई जाए और छात्रों पर अत्याचार करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Sahil Yadav

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.