खस्ताहाल सड़कों पर नंगे पांव चले श्रद्धालु
वसई-विरार क्षेत्र में बदहाल और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर आम नागरिकों का गुस्सा अब चरम पर पहुंच गया है। लगातार उठ रही शिकायतों के बाद भी जब प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो नागरिकों और शिवभक्तों ने एक अनोखा रास्ता अपनाया। शहर के जर्जर मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालु नंगे पांव शिवालय पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना
जल अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वे वसई-विरार शहर की देखरेख की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सद्बुद्धि प्रदान करें। श्रद्धालुओं ने कहा कि करदाताओं (Taxpayers) को उनके हक की बुनियादी सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी नागरिकों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं।
बरसात में हादसों का बढ़ा खतरा
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सड़कें शहर की प्राथमिक आवश्यकताओं में आती हैं। बारिश के मौसम में सड़कों के गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोज भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिवभक्तों का यह कदम धार्मिक आस्था के साथ-साथ सोए हुए प्रशासन को जगाने का एक सशक्त माध्यम बना है। नागरिकों को उम्मीद है कि इस विरोध के बाद प्रशासन सड़कों की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू कराएगा।
(रिपोर्ट: राजेश कोरी, ब्यूरो चीफ – तृप्ति प्रमाण)