महापौर अजीव पाटील की अध्यक्षता में मनपा मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक
वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में आगामी गणेशोत्सव को पर्यावरण अनुकूल, सुरक्षित और भव्य रूप से मनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। 25 अगस्त को महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर अजीव पाटील की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., पुलिस अधिकारियों, महावितरण के प्रतिनिधियों और सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
6 फीट की मूर्तियों का कृत्रिम तालाब में विसर्जन, मंडपों के लिए ‘एक खिड़की योजना’
बैठक में जानकारी दी गई कि अदालत और राज्य सरकार के नियमों के तहत 6 फीट तक की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल कृत्रिम तालाबों में ही किया जाएगा। 6 फीट से बड़ी मूर्तियों के लिए जेट्टी और बंद खदानों का उपयोग होगा। मंडलों को सहूलियत देने के लिए ‘एक खिड़की योजना’ शुरू की जाएगी। इसके अलावा, सड़कों को खोदने और निर्धारित सीमा से अधिक जगह घेरने पर पाबंदी रहेगी।
गड्ढा-मुक्त सड़कें, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और विद्युत सुरक्षा की गाइडलाइन
महापौर अजीव पाटील और मनपा आयुक्त ने बताया कि विसर्जन मार्गों पर बारिश के कारण बने गड्ढों को भरने का काम तेजी से जारी है। पुलिस प्रशासन ने मिरवणूक के दौरान डीजे के इस्तेमाल से बचने और पारंपरिक ढोल-ताशा को प्राथमिकता देने की अपील की है। वहीं महावितरण विभाग ने मंडपों में शार्ट सर्किट से बचाव के लिए RCCB/ELCB उपकरण लगाने और खुले तारों से बचने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
(रिपोर्ट: साहिल यादव – तृप्ति प्रमाण)