संवाददाता: साहिल यादव
तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
वसई: वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या और यातायात दबाव को देखते हुए बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजना को लेकर अहम प्रगति सामने आई है। बहुजन विकास आघाड़ी के प्रमुख हितेंद्र ठाकुर के लगातार प्रयासों के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मेट्रो लाइन-13 परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेज दी है। इससे वसई-विरार तक मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर, राजेश पाटिल और हितेंद्र ठाकुर लगातार शासन एवं प्रशासन स्तर पर सक्रिय रहे। 23 अप्रैल को विभिन्न विकास कार्यों को लेकर क्षितिज ठाकुर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें मेट्रो परियोजना को प्राथमिकता देने की मांग की गई थी।
इसके बाद 30 अप्रैल को महापौर अजीव पाटिल, आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी., पूर्व महापौर नारायण मानकर तथा गटनेता प्रफुल्ल साने ने एमएमआरडीए अधिकारियों के साथ बैठक कर मेट्रो कार्य को शीघ्र मंजूरी देने की मांग रखी।
मुंबई महानगर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने के उद्देश्य से एमएमआरडीए द्वारा 350.96 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कई मेट्रो लाइनों पर काम जारी है, जबकि कुछ लाइनें पहले से यात्रियों के लिए शुरू हो चुकी हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा तैयार की गई मेट्रो लाइन-13 की डीपीआर को एमएमआरडीए की बैठक में स्वीकृति मिल चुकी है। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए राज्य शासन को भेजा गया है। प्रस्तावित मेट्रो लाइन की कुल लंबाई 25.03 किलोमीटर होगी, जिसमें 3.25 किलोमीटर भूमिगत तथा 21.78 किलोमीटर एलिवेटेड ट्रैक शामिल रहेगा। परियोजना के तहत कुल 16 स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। वहीं “चिखलडोंगरी-विरार” क्षेत्र में डिपो और मेंटेनेंस सेंटर विकसित किया जाएगा।
यह मेट्रो मार्ग सीधे मेट्रो लाइन-9 (दहिसर-मीराभाईंदर) से जुड़ने वाला है, जिससे यात्रियों को मुंबई और उपनगरों तक तेज एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 17,724.99 करोड़ रुपये बताई गई है।