वरई फाटा फ्लाईओवर के पास दो वाहनों की भीषण टक्कर, CNG वाहन में लगी आग! हाईवे पर लगा लंबा जाम |

Share:

दमकल विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा, दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं

मनोर, पालघर | 6 नवंबर | संवाददाता: तृप्ति प्रमाण

मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनोर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत वरई फाटा फ्लाईओवर के पास दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना के बाद एक CNG वाहन में अचानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुजरात की ओर जाने वाली लेन पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका का अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और उसे फैलने से रोक लिया गया।

दुर्घटना के कारण मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे पुलिस विभाग और मनोर पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक (API) रत्नदीप सालोखे घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति संभालते हुए यातायात को सुचारू बनाने के लिए विशेष प्रयास किए। पुलिस के प्रयासों से कुछ समय बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।

दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता के चलते आग पर काबू पाया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं होने से नागरिकों ने राहत की सांस ली।

संवाददाता: तृप्ति प्रमाण
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक – तृप्ति प्रमाण

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *