पालघर

विराज इंटरनेशनल स्कूल बोईसर में ‘एक शाम: देश के नाम’ से सजा स्वतंत्रता दिवस समारोह, पद्म श्री भिकल्या डिंडा को ₹1 लाख की सहायता राशि |

रिपोर्टर: पराग यादव

पालघर/बोईसर: 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर बोईसर स्थित विराज इंटरनेशनल स्कूल में ‘एक शाम: देश के नाम’ नामक सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में पालघर के सांसद एवं ‘सांसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित डॉ. हेमंत सावरा तथा पालघर की जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के कार्यकारी निदेशक जयंत हरि हरलाल, प्रधानाचार्य डॉ. देव बसीस्था उपाध्याय, शिक्षक, छात्र, अभिभावक तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।

विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह का शुभारंभ छात्रा दिव्यांशी की मनमोहक घुंघरू वंदना और देशभक्ति काव्य पाठ से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘मेरी भारत की बेटी’, ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’ और ‘मां तुझे सलाम’ जैसे कालजयी देशभक्ति गीतों पर नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियाँ दीं।

समारोह का विशेष आकर्षण ‘भारत एक खोज—भारत की सांस्कृतिक यात्रा’ शीर्षक प्रस्तुति रही, जिसमें विद्यार्थियों ने कश्मीर, असम, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृतियों को एक ही मंच पर जीवंत कर दिया।

पद्म श्री भिकल्या डिंडा का विशेष अभिनंदन और ₹1 लाख का सहयोग

पालघर जिले के प्रसिद्ध आदिवासी तारपा वादक भिकल्या लडक्या धिंडा, जिन्हें पारंपरिक तारपा वादन कला को देश-दुनिया में पहचान दिलाने के लिए वर्ष 2026 में भारत सरकार द्वारा पद्म श्री से सम्मानित किया गया है, उनका विद्यालय द्वारा विशेष अभिनंदन किया गया।

आदिवासी कला एवं संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में उनके अविस्मरणीय योगदान के लिए विराज इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें एक लाख रुपये की सहायता राशि भेंट की गई।

संस्कार और चरित्र निर्माण ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य: प्रधानाचार्य

प्रधानाचार्य डॉ. देव बसीस्था उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में चरित्र, संवेदनशीलता, सांस्कृतिक जुड़ाव और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।