---Advertisement---

विरार में भाजपा कार्यालय पर बविआ नगरसेवकों का धावा, पैसे बांटने का आरोप; 2 नगरसेवकों सहित 9 पर FIR |

---Advertisement---

विरार (ठाणे): ठाणे जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव की सरगर्मियों के बीच वसई-विरार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विरार पूर्व में स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल कार्यालय में कथित रूप से जबरन घुसपैठ करने और तलाशी लेने के आरोप में विरार पुलिस ने बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) के दो नगरसेवकों सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना शुक्रवार, 26 जून 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। मनवेलपाड़ा रोड पर स्थित भाजपा के विरार पूर्व मंडल कार्यालय में उस वक्त पार्टी के विरार शहर अध्यक्ष मनीष वैद्य, सरचिटणीस सुनीलकुमार ठाकूर और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, बविआ नगरसेवक निषाद चोरगे और प्रशांत राऊत अपने 6-7 समर्थकों के साथ कार्यालय में जबरन दाखिल हो गए।

पैसे बांटने का गंभीर आरोप

घुसपैठ करने वालों ने भाजपा पदाधिकारियों पर ठाणे जिला सहकारी बैंक चुनाव के मतदाताओं को पैसे बांटने का गंभीर आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के अंदर रखे टेबल, दराज और अन्य सामान की जमकर तलाशी ली। इस प्रक्रिया में कार्यालय का काफी सामान अस्त-व्यस्त हो गया। भाजपा की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान सरचिटणीस सुनीलकुमार ठाकूर का बैग जबरन खोला गया और उसमें रखे पैसे का एक लिफाफा भी निकाल लिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया BNS के तहत मामला

इस घटना की सूचना मिलते ही विरार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। भाजपा शहर अध्यक्ष मनीष वैद्य की शिकायत पर विरार पुलिस ने निषाद चोरगे, प्रशांत राऊत और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अनिल म्हस्के कर रहे हैं।

राजनीतिक सरगर्मियां तेज

इस घटना के बाद विरार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है और इसे चुनाव के मद्देनजर विरोधियों पर दबाव बनाने का राजनीतिक हथकंडा करार दिया है। वहीं, बविआ की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि आखिर कार्यालय के अंदर वास्तव में हुआ क्या था।

तृप्ति प्रमाण इस घटना पर लगातार नज़र बनाए हुए है। जांच रिपोर्ट सामने आते ही हम आपको अपडेट देंगे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh