विरार में दर्दनाक हादसा: टैंकर की टक्कर से मां-बेटी की मौत, जीवदानी देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं |

Share:

नवरात्रि के दूसरे दिन कोपरी नाका पर हुआ हादसा; टैंकर चालक पुलिस की हिरासत में

विरार, महाराष्ट्र। नवरात्रि के पावन अवसर पर जीवदानी देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रही मां-बेटी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कविता पाल (29) और उनकी चार वर्षीय बेटी आरायू पाल के रूप में हुई है। दोनों वसई के गावराई इलाके से दोपहिया वाहन पर सवार होकर मंदिर जा रही थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे विरार के कोपरी नाका इलाके में एक टैंकर ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कविता पाल और उनकी बेटी आरायू की जान चली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

नवरात्रि के दूसरे दिन मंदिर में दर्शन के लिए निकली मां-बेटी की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: