15 से 25 सितंबर तक निर्धारित विसर्जन तिथियों पर दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेंगे प्रतिबंध
विरार। गणपति विसर्जन के दौरान वसई, नालासोपारा और नायगांव क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए वसई-विरार यातायात विभाग ने व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। परिमंडल-2 (वसई) के प्रमुख मार्गों पर निर्धारित विसर्जन तिथियों के दौरान दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा कुछ संवेदनशील और विसर्जन जुलूस वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद रहेगी।
किन तारीखों पर रहेगा प्रतिबंध
यातायात विभाग के अनुसार ये व्यवस्था निम्न विसर्जन तिथियों पर लागू रहेगी—
- 15 सितंबर 2026 – डेढ़ दिन के गणपति विसर्जन
- 18 सितंबर 2026 – पांच दिन के गणपति विसर्जन
- 19 सितंबर 2026 – गौरी-गणपति विसर्जन
- 20 सितंबर 2026 – सात दिन के गणपति विसर्जन
- 25 सितंबर 2026 – अनंत चतुर्दशी
इन सभी दिनों में निर्धारित प्रतिबंध दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक प्रभावी रहेंगे।
पुलिस प्रशासन ने जारी किया आदेश
परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर ने महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत यातायात प्रतिबंधों का आदेश जारी किया है।
प्रशासन का उद्देश्य विसर्जन जुलूसों के दौरान नागरिकों, पैदल यात्रियों तथा आपातकालीन सेवाओं को यातायात संबंधी परेशानी से बचाना है।
पुलिस, एंबुलेंस, अग्निशमन दल और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
- नालासोपारा पूर्व: संतोषभुवन महामार्ग से नालासोपारा पूर्व रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग।
- वसई: वसई फाटा (धुमालनगर) से वसई पूर्व रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग।
- वसई पूर्व: सातिवली खिंड से वसई पूर्व रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग।
- नायगांव: नायगांव-बापाणे से नायगांव रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग।
- मधुबन: मधुबन गेट से मधुबन खदान विसर्जन स्थल की ओर जाने वाला मार्ग।
इन मार्गों पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद
नालासोपारा पूर्व क्षेत्र:
तुलिंज पुल – सागर स्वीट – चंदन नाका – आचोले सर्कल (आचोले तालाब मार्ग)।
वसई पश्चिम क्षेत्र:
तुंगारेश्वर स्वीट मार्ट (रेलवे स्टेशन के पास) – अंबाड़ी नाका – पार्वती क्रॉस – माणिकपुर नाका – स्टेला पेट्रोल पंप से पाचूबंदर जाने वाला मार्ग।
वसई पूर्व क्षेत्र:
सातिवली नाका, साईबाबा नाका, अग्रवाल नाका, भोईदापाड़ा, रेंजनाका, वर्धमान नाका, चिंचपाड़ा, गोलाणी, वालीव नाका, जयनगर नाका, शालीमार होटल नाका, विठ्ठल मंदिर नाका से धुमालनगर नाका तक का पूरा मार्ग।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
गणपति विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात विभाग ने वाहन चालकों से प्रतिबंधित मार्गों से बचने और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
यातायात विभाग ने विशेष रूप से कहा है कि वाहन चालक यात्रा शुरू करने से पहले अपने मार्ग की यातायात व्यवस्था की जानकारी लें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। इससे विसर्जन जुलूसों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के साथ आम नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी सुगम बनी रहेगी।



