पुलिस कार्रवाई के बाद संचालिका के फरार होने की जानकारी; कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर जांच जारी
ठाणे। ठाणे पश्चिम के स्टेशन रोड स्थित ओरेओ स्पा पर पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को बरामद किया है। पुलिस को स्पा में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बिनु वर्गीस की ओर से तत्कालीन डीसीपी जोन-1 बालासाहेब पाटील को सूचना दिए जाने के बाद ओरेओ स्पा पर कार्रवाई की गई थी। उस कार्रवाई में पुलिस ने तीन महिलाओं को बरामद किया था, जबकि एक मैनेजर को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। वहीं स्पा संचालक कदम के फरार होने की बात सामने आई थी, जिसने बाद में अग्रिम जमानत प्राप्त की थी।
बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस की ओर से स्पा को दोबारा संचालित नहीं करने की चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसी स्थान पर गतिविधियां फिर शुरू होने की सूचना मिली। इसके बाद डॉ. बिनु वर्गीस ने दोबारा डीसीपी बालासाहेब पाटील को जानकारी दी और श्रीपीआई योगेश आव्हाड को भी सूचित किया गया।
सूचना के आधार पर क्राइम पीआई संजय दवणे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ओरेओ स्पा पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को वहां से बरामद किए जाने की जानकारी है।
प्रारंभिक जानकारी में आरोप है कि ग्राहकों से 45 मिनट की मसाज के लिए कथित तौर पर 5,000 रुपये लिए जाते थे और इसके अलावा अनैतिक गतिविधियों के लिए भी पैसे लिए जाने का आरोप है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
मामले में मनीषा कदम के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
नोट: स्पा संचालक या अन्य संबंधित व्यक्तियों पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।




