अपर्याप्त रोशनी से सुरक्षा को लेकर चिंता; रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग
पालघर। पालघर शहर के पूर्व और पश्चिम हिस्सों को जोड़ने वाले वेवूर-नवली फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात के समय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता का दावा किया गया है। इसको लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने फ्लाईओवर पर तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।
मनसे ने संबंधित विभागों से की शिकायत
मनसे के पालघर उपशहर अध्यक्ष कार्तिक विलास मैत्राणी ने इस संबंध में संबंधित विभागों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि रात के समय फ्लाईओवर पर अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा शराब पीने की गतिविधियां किए जाने की जानकारी सामने आती है।
मनसे का कहना है कि इस तरह की स्थिति से वहां से गुजरने वाले नागरिकों की सुरक्षा को लेकर समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसलिए फ्लाईओवर पर पर्याप्त और प्रभावी प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना जरूरी है।
रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
मनसे ने फ्लाईओवर पर तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ-साथ रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों को सौंपा ज्ञापन
मनसे की ओर से इस शिकायत की प्रतियां पालघर जिलाधिकारी, पालघर नगर परिषद के मुख्याधिकारी, सार्वजनिक निर्माण विभाग और पालघर पुलिस थाने को भी दी गई हैं।
मनसे ने मांग की है कि नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग इस समस्या का तत्काल संज्ञान लें और वेवूर-नवली फ्लाईओवर पर आवश्यक प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी उपाय सुनिश्चित करें।
तृप्ति प्रमाण




