डहाणू समुद्र तट पर मिला 16 मीटर लंबा मृत व्हेल, वन विभाग ने सैंपल लेकर दफनाया |

Share:

करीब 20 टन वजनी नर व्हेल की उम्र 25 वर्ष होने का अनुमान; पोस्टमार्टम एवं जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

डहाणू, पालघर। | तृप्ति प्रमाण

पालघर जिले के डहाणू समुद्र तट पर रविवार, 8 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे लगभग 16 मीटर लंबा एक विशालकाय व्हेल मृत अवस्था में मिला। यह व्हेल डहाणू वन विभाग के कैनाड परिमंडल अंतर्गत सरावली नियतक्षेत्र में चिखला खाड़ी पुल के पास अरब सागर के किनारे पाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आवश्यक नमूने एकत्र किए और देर रात करीब 8:30 बजे समुद्र तट के समीप गड्ढा खोदकर व्हेल के शव को दफना दिया।

करीब 20 टन वजनी था नर व्हेल

वन विभाग के अनुसार, मृत व्हेल नर था। उसकी अनुमानित उम्र करीब 25 वर्ष और वजन लगभग 20 टन बताया गया है। व्हेल पीठ के बल पड़ा हुआ था। प्रारंभिक अनुमान है कि रात के दौरान समुद्र में आई ऊंची लहरों और ज्वार के पानी के साथ उसका शव बहकर किनारे तक पहुंचा होगा। हालांकि, उसकी मौत किस वजह से हुई, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

कई विभागों और टीमों ने किया सहयोग

मौके पर डहाणू के वन क्षेत्राधिकारी नवीन माछी, कैनाड के वनपाल तिलक स्वामी सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस विभाग, तटरक्षक दल, मैंग्रोव विभाग, टीटीसी रेस्क्यू टीम, डब्ल्यूसीएडब्ल्यूए, वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग किया।

ज्वार का पानी उतरने के बाद शुरू हुई दफनाने की प्रक्रिया

समुद्र में ज्वार का पानी व्हेल के शव के आसपास मौजूद होने के कारण पानी उतरने तक दफनाने की प्रक्रिया रोकनी पड़ी। शाम 5 बजे के बाद जेसीबी मशीन की मदद से गहरा गड्ढा खोदने का काम शुरू किया गया। रात करीब 8:30 बजे गड्ढा तैयार होने के बाद व्हेल के शव को उसमें दफनाकर मिट्टी से ढक दिया गया।

वन विभाग की नागरिकों से अपील

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि समुद्र तट पर कोई मृत या घायल समुद्री जीव दिखाई देने पर उसे छूने या उसके साथ छेड़छाड़ करने से बचें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1926 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: