पेल्हार पुलिस ने चोरी की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक की बरामद |

Share:

नालासोपारा चेन स्नैचिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

नालासोपारा: पेल्हार पुलिस ने चेन स्नैचिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई दोपहिया वाहन बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5:50 बजे पारुल रमेशचंद्र यादव (40) नालासोपारा पूर्व के मोमीन नगर, संतोष भवन स्थित गोल्डन मैरेज हॉल के सामने से जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर पेल्हार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 754/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले के निर्देश पर अपराध प्रकटीकरण दल ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों का सुराग हासिल किया।

इसके बाद पुलिस ने कुर्ला और गोवंडी, मुंबई में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मोहसीन लईक अंसारी (24), निवासी कुर्ला पश्चिम और जरताब अहमद हुसेन शेख उर्फ कार्लोस (21), निवासी शिवाजी नगर, गोवंडी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मोहसीन अंसारी के खिलाफ मुंबई, ठाणे और मीरा-भायंदर क्षेत्र के विभिन्न पुलिस थानों में चेन स्नैचिंग और मोबाइल चोरी के कुल 31 मामले दर्ज हैं।

जांच के दौरान बोलींज और कासारवडवली पुलिस थानों में दर्ज दो अन्य मामलों के भी खुलासा होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण

Share: