गांधी जयंती पर पुरानी पेंशन बहाली के लिए पटना सहित सभी जिला मुख्यालयों पर पेंशन सत्याग्रह |

Share:

पटना में गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कर्मचारियों, शिक्षकों और पदाधिकारियों ने किया दो घंटे का अनशन

पटना | तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर चलते हुए NMOPS बिहार के आह्वान पर 2 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर पेंशन सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पटना में गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कर्मचारियों, शिक्षकों और पदाधिकारियों ने दो घंटे का अनशन किया।

इस कार्यक्रम में NMOPS के महासचिव शशि भूषण कुमार, मुख्य संरक्षक प्रेमचंद कुमार सिन्हा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार यादव, राज्य कोषाध्यक्ष राजेश भगत, उर्दू मीडिया प्रभारी नसरउल्लाह, महासंघ गोप गुट के अध्यक्ष रामबली प्रसाद, कोषाध्यक्ष नितेश आनंद, सलाहकार छठुलाल, अवर अभियंता संघ के महासचिव गजेंद्र कुमार, पुलिस चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ के महासचिव मोहन शंकर तिवारी, कर्मचारी नेता रामप्रीत राय, रामशंकर शर्मा, पशुपालन विभाग कर्मचारी संघ के नेता जय प्रकाश कुमार, मुकेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी संघ के नेता अमृतोष कुमार और बिजली विभाग कर्मचारी संघ के नेता कौशिक कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।

1 सितंबर 2005 से नई पेंशन व्यवस्था लागू होने का दावा

कार्यक्रम के दौरान NMOPS की ओर से कहा गया कि पूर्व में बिहार सरकार के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए पेंशन का प्रावधान था। संगठन के अनुसार, बिहार में 1 सितंबर 2005 को पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई व्यवस्था लागू की गई, जिसमें कर्मचारियों को पुरानी व्यवस्था के तहत पेंशन नहीं मिलती है।

संगठन ने कहा कि संविधान में सामाजिक सुरक्षा और न्याय का प्रावधान है। कर्मचारियों का कहना है कि जीवन के महत्वपूर्ण 60 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति के समय उन्हें सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।

पुरानी पेंशन बहाली की मांग

NMOPS ने सरकार से नई पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था को शीघ्र लागू करने की मांग की है।

संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि पुरानी पेंशन योजना बहाल होने तक NMOPS के साथी आंदोलन जारी रखेंगे।

रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

Share: