मीरा भाईंदर की 31 मनपा स्कूलों का सरप्राइज निरीक्षण |

Share:

शिक्षा सभापति स्नेहा शैलेश पांडे ने तैयार किया शिक्षा अहवाल, आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्ता सुधार पर जोर

मीरा भाईंदर। मीरा भाईंदर महानगरपालिका की शिक्षा सभापति स्नेहा शैलेश पांडे ने पदभार संभालने के बाद मनपा की सभी 31 स्कूलों का सरप्राइज निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत शिक्षा अहवाल तैयार किया गया है।

यह अहवाल विधायक नरेंद्र मेहता, महापौर डिंपल मेहता, आयुक्त राधा विनोद शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त प्रियंका राजपूत, उपायुक्त (शिक्षण) कविता बोरकर और शिक्षा अधिकारी सुलभा वटारे के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

आधुनिक सुविधाओं पर विशेष जोर

मनपा स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए स्कूलों में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, सुसज्जित ग्रंथालय, स्मार्ट स्टडी रूम और डिजिटल क्लासरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

इसके साथ ही स्कूलों में सुरक्षा और स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी जाएगी। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सांस्कृतिक और सामाजिक विकास पर भी ध्यान देने की बात कही गई है।

कला और खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

विद्यार्थियों की कला और खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना है। इसके अलावा मनपा स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से ‘शाला चला अभियान’ चलाया जाएगा।

शिक्षकों की क्षमता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा पालक-शिक्षक संवाद को मजबूत करने की योजना भी बनाई गई है।

इसके अलावा आदर्श शिक्षक पुरस्कार, मनपा क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल शुरू करने और विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए प्रयास किए जाने की बात कही गई है।

छोटी कमियों के तत्काल समाधान पर जोर

स्कूलों के निरीक्षण के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से तत्काल संपर्क किया गया। वहीं, बड़े विकास कार्यों के लिए लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत कर उनके लगातार फॉलो-अप की प्रक्रिया शुरू की गई है।

शिक्षा सभापति स्नेहा शैलेश पांडे के अनुसार, इस पूरी पहल का उद्देश्य मनपा स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: