सातिवली स्वास्थ्य केंद्र के रैंप की बदहाली, दिव्यांग मरीजों को हो रही परेशानी |

Share:

वसई। वसई पूर्व के सातिवली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बने रैंप की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण मरीजों और खासकर दिव्यांग नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर और असमान हो चुके रैंप पर चलना मुश्किल हो गया है, वहीं व्हीलचेयर ले जाने में भी मरीजों को काफी दिक्कत हो रही है।

सातिवली क्षेत्र के इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और दिव्यांग नागरिक भी शामिल हैं।

स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष से रैंप की स्थिति खराब है। इस वर्ष हुई बारिश और स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जमा पानी के कारण रैंप की स्थिति और खराब होने की बात कही जा रही है।

रैंप पर दरारें और पत्थरों से बढ़ी परेशानी

रैंप पर जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। वहीं बड़े-बड़े पत्थर जमा होने से रास्ता असमतल हो गया है। ऐसे में छड़ी के सहारे चलने वाले दिव्यांग नागरिकों और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में प्रवेश करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

व्हीलचेयर से आने वाले मरीजों को भी रैंप की खराब स्थिति के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों और प्रभाग समिति के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

तत्काल मरम्मत की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता देविदास केंगार ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेशद्वार के सामने गड्ढे, असमान रास्ते और अन्य अवरोधों के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने मनपा से रैंप की तत्काल मरम्मत कराने और स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेश मार्ग को मरीजों, बुजुर्गों तथा दिव्यांग नागरिकों के लिए सुगम बनाने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे सार्वजनिक स्थान पर प्रवेश मार्ग सुरक्षित और सुविधाजनक होना जरूरी है। ऐसे में रैंप की मरम्मत जल्द किए जाने की मांग उठ रही है।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: