वसई: वसई पश्चिम स्थित अंबाडी भाजी मार्केट में प्लास्टिकबंदी नियमों के पालन को लेकर जांच और कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति सामने आई। वसई-विरार शहर महानगरपालिका की प्लास्टिक निर्मूलन टीम मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अविनाश गुंजाळकर के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए मार्केट पहुंची थी। इस दौरान कुछ फेरीवालों द्वारा कथित तौर पर कार्रवाई का विरोध किए जाने और सब्जी विक्रेताओं तथा पालिका अधिकारी-कर्मचारियों के बीच बहस होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्केट परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पालिका अधिकारियों के अनुसार, अंबाडी भाजी मार्केट के सब्जी विक्रेताओं को पहले ही प्लास्टिकबंदी के नियमों की जानकारी दी गई थी। इसके साथ ही प्लास्टिक की थैलियों के विकल्प के तौर पर कपड़े की थैलियों का इस्तेमाल करने को लेकर जनजागरूकता भी की गई थी।
पालिका के अनुसार, इसके बावजूद प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल जारी रहने के कारण प्लास्टिक निर्मूलन टीम ने कार्रवाई शुरू की।
वहीं, भाजी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने छोटे सब्जी विक्रेताओं पर कार्रवाई किए जाने के बजाय बड़े पैमाने पर प्लास्टिक का भंडारण करने वाले गोदामों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पालिका कर्मचारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अब इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।




