लक्ष्मण कुमार को न्याय दिलाने के लिए बहुजन एकता संगठन का जोरदार आंदोलन |

Share:

वाणगांव पुलिस थाने पर हजारों का धरना; डीवाईएसपी दिनेश बैसाने का शुक्रवार तक मामला दर्ज करने का लिखित आश्वासन

पराग यादव, पालघर | डहाणू-वाणगांव, 5 अक्टूबर। लक्ष्मण कुमार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बहुजन एकता संगठन की ओर से सोमवार को वाणगांव पुलिस थाने के सामने धरना आंदोलन किया गया। संगठन के अनुसार, आंदोलन में हजारों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

लक्ष्मण कुमार उत्तर भारतीय समुदाय से संबंधित हैं। उनके न्याय की मांग को लेकर आयोजित इस आंदोलन के जरिए बहुजन एकता संगठन ने अपनी सर्वसमावेशी भूमिका पर भी जोर दिया। संगठन का कहना है कि वह किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि जाति, धर्म और प्रांत से परे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है।

संगठन के अनुसार, चाहे व्यक्ति उत्तर भारतीय हो या देश के किसी अन्य प्रांत से संबंधित, किसी भी जाति अथवा धर्म का हो—अन्याय की स्थिति में संगठन उसके साथ खड़ा रहता है और जरूरत पड़ने पर न्याय की लड़ाई में सहयोग करता है।

आंदोलन की तीव्रता को देखते हुए डीवाईएसपी दिनेश बैसाने स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचे और बहुजन एकता संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। संगठन के अनुसार, चर्चा के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से संबंधित मामले में शुक्रवार तक मामला दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया गया।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने आंदोलन को बड़ी सफलता बताया।

आंदोलन की अध्यक्षता बहुजन एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष साईनाथ रावते ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लहू खरपडे, राष्ट्रीय सचिव नरेश पाटील, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष कपिल सूर्यवंशी, महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, पालघर जिला अध्यक्ष अनिल हाडळ तथा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा अल्पसंख्यक पालघर जिला अध्यक्ष हाफिज भाई शेख एवं उनकी कार्यकारिणी, उत्तर भारतीय तालुका अध्यक्ष पराग यादव, अन्य तालुकाओं के अध्यक्ष, कार्यकारिणी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल हुए।

बहुजन एकता संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लक्ष्मण कुमार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। संगठन ने यह भी दोहराया कि समाज के किसी भी वर्ग, जाति, धर्म या प्रांत के व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर वह उसके न्याय के लिए आवाज उठाता रहेगा।

Share: