बॉटल नेक फ्लाईओवर पर गंदगी का साम्राज्य |

Share:

सफाई करो, नहीं तो 24 घंटे बाद एमएमआरडीए कार्यालय में पहुंचा दूंगा कचरा: संदीप राणे

नटवर झा, भायंदर। मीरा-भायंदर के भाईंदर पूर्व स्थित गोल्डन नेस्ट मुख्य मार्ग पर बने विवादित बॉटल नेक फ्लाईओवर पर गंदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फ्लाईओवर के आसपास सूखे पौधों की टहनियां, पेप्सी और शराब की बोतलों सहित अन्य कचरा फैला होने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों और क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार, फ्लाईओवर के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां गंदगी जमा हो रही है। मौके पर बिखरी शराब की बोतलों और अन्य कचरे को लेकर यह आरोप भी लगाया जा रहा है कि कुछ लोग यहां शराब पीने और नशा करने के बाद कचरा छोड़ जाते हैं।

भाईंदर पूर्व के गोल्डन नेस्ट मुख्य मार्ग पर बना यह फ्लाईओवर अपनी बनावट को लेकर पहले भी चर्चा में रहा है। फ्लाईओवर की डिजाइन को लेकर यातायात शुरू करने से पहले असमंजस की स्थिति बनी थी और इसकी बनावट के कारण यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।

बाद में एमएमआरडीए की ओर से फ्लाईओवर की बनावट में कुछ बदलाव किए जाने के बाद इसे यातायात के लिए खोला गया। हालांकि, अब यहां सफाई व्यवस्था को लेकर नया विवाद सामने आया है।

मनसे के स्थानीय नेता संदीप राणे ने फ्लाईओवर पर फैली गंदगी को लेकर संबंधित विभाग को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर फ्लाईओवर की सफाई कराई जाए, अन्यथा वहां जमा कचरे को एमएमआरडीए कार्यालय में पहुंचा दिया जाएगा।

संदीप राणे ने सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि एमएमआरडीए की ओर से इस शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Share: