किसानों से अधिक क्षेत्रफल में गन्ना बुवाई की अपील, समय पर भुगतान और सुचारू मिल संचालन का दिया आश्वासन
बरेली/मीरगंज। फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड की शुगर यूनिट, मीरगंज में रविवार को शरदकालीन गन्ना बुवाई का शुभारंभ किया गया। मिल के प्रबंध निदेशक तन्मय मोदी ने मिल फार्म में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ बुवाई अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मिल क्षेत्र का भ्रमण कर किसानों के खेतों में चल रही गन्ना बुवाई का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान प्रबंध निदेशक ग्राम सिंधौली में किसान सुरेश सिंह, पुत्र राम धुन, तथा ग्राम गूला में किसान राजीव, पुत्र रिशिपाल, और अखिलेश कुमार, पुत्र तिरु भवन, के खेतों पर पहुंचे। यहां उन्होंने शरदकालीन गन्ना बुवाई की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
उन्नत प्रजातियों और ट्रेंच विधि से बुवाई
निरीक्षण के दौरान किसान गन्ने की उन्नत प्रजातियों को.शा. 18231 और को.शा. 0118 के बीज का उपचार करने के बाद ट्रेंच विधि (Trench Method) से बुवाई करते हुए दिखाई दिए।
इस अवसर पर किसानों ने मिल प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे हेक्सास्टॉप, ट्राइकोडर्मा और पैदावार बढ़ाने से जुड़ी नवीन तकनीकों सहित अन्य सुविधाओं की सराहना की।
अधिक क्षेत्रफल में बुवाई करने की अपील
प्रबंध निदेशक तन्मय मोदी ने उपस्थित किसानों से शरदकालीन मौसम में अधिक से अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की बुवाई करने की अपील की। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि चीनी मिल का संचालन सुचारू रूप से किया जाएगा और गन्ने का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिकारी और किसान रहे मौजूद
कार्यक्रम के अवसर पर मिल के बिजनेस हेड डी.के. शर्मा, काई प्रमुख विजय वीर राणा तथा गन्ना विभागाध्यक्ष प्रदीप कुमार सहित मिल के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।
तृप्ति प्रमाण




