दूध से बनी पारंपरिक मिठाई ‘खरवस’ खाने के बाद बिगड़ी तबीयत; पांच लोगों ने डॉक्टरों की सलाह के बावजूद अस्पताल में भर्ती होने से किया इनकार
मुंबई | तृप्ति प्रमाण
मुंबई के भांडुप पूर्व इलाके में शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) का मामला सामने आया है। समारोह में दूध से बनी पारंपरिक मिठाई ‘खरवस’ खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना में कुल 27 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी भर्ती मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
शादी समारोह में मिठाई खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भांडुप पूर्व स्थित महाबोधि रत्नविहार हॉल में आयोजित शादी समारोह में शामिल लोगों ने भोजन के साथ खरवस मिठाई का सेवन किया था। इसके बाद कुछ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने लगीं।
सोमवार तड़के करीब 2 बजे यह मामला सामने आया। तबीयत बिगड़ने पर प्रभावित लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एमटी अग्रवाल अस्पताल में 27 मरीज भर्ती
इस घटना में कुल 27 लोगों को एमटी अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार जारी है।
वहीं, पांच अन्य लोग राजावाड़ी अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने चिकित्सकीय सलाह के बावजूद अस्पताल में भर्ती रहने से इनकार कर दिया और अपनी इच्छा से छुट्टी ले ली। चिकित्सा भाषा में इसे DAMA (Discharge Against Medical Advice) कहा जाता है।
मिठाई की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद शादी समारोह में परोसी गई मिठाई की गुणवत्ता और खाद्य विषाक्तता के संभावित कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल खरवस मिठाई खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है, लेकिन फूड पॉइजनिंग का वास्तविक कारण अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुआ है।
मामले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और घटना के कारणों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।


