सोमवार सुबह हुई घटना से परिसर में मची अफरा-तफरी; राहत की बात यह कि कोई जनहानि नहीं हुई
मीरा-भायंदर: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC) के मुख्यालय में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई। हालांकि, आग की चपेट में आने से मनपा के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह महानगरपालिका मुख्यालय में आग लगने की घटना सामने आई। आग की लपटें उठती देखकर परिसर में मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई।
इस अग्निकांड में महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग के महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन दस्तावेजों में किस प्रकार के रिकॉर्ड शामिल थे और कुल कितने दस्तावेज प्रभावित हुए, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और न ही कोई जनहानि हुई। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण


