बांद्रा टर्मिनस समेत पश्चिम रेलवे के छह और मध्य रेलवे के पांच स्टेशन शामिल; 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेंगे प्रतिबंध, विशेष जरूरत वाले यात्रियों को मिलेगी छूट
मुंबई: दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने मुंबई तथा आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे के छह स्टेशनों पर यह प्रतिबंध 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। वहीं, मध्य रेलवे ने भी पांच प्रमुख स्टेशनों पर 15 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगाई है।
पश्चिम रेलवे के इस फैसले के तहत बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना, सूरत और भेस्तान रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों के साथ उन्हें छोड़ने और लेने आने वाले लोगों की भी भारी भीड़ जमा हो जाती है। इससे प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और फुट ओवरब्रिज पर आवागमन प्रभावित होता है। कई बार यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी स्थिति को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
विशेष जरूरत वाले यात्रियों को मिलेगी छूट
रेलवे ने इस प्रतिबंध के दौरान कुछ विशेष श्रेणियों के यात्रियों को राहत दी है। वरिष्ठ नागरिकों, चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता वाले यात्रियों, गर्भवती महिलाओं और शारीरिक रूप से विशेष सहायता की जरूरत वाले यात्रियों की मदद के लिए आने वाले व्यक्तियों को आवश्यकतानुसार प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रित रखने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।
मध्य रेलवे के पांच स्टेशनों पर भी रोक
भीड़ नियंत्रण के लिए मध्य रेलवे ने भी 15 नवंबर तक पांच प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद की है। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य अनावश्यक भीड़ को कम करना और त्योहारों के दौरान यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना है।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण


