समाजसेवा के कार्यों की हुई सराहना, मेले में पहुंचे लोगों को उपलब्ध कराया गया निःशुल्क पेयजल
करंजाकला | रिपोर्ट: शम्भू विश्वकर्मा
जौनपुर। गिरधरपुर और औरही गांव के मध्य प्राचीन परंपरा के अनुसार आयोजित होने वाले ऐतिहासिक भेलहिया मेले का सोमवार को समापन हो गया। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की सुविधा के लिए समाजसेवी विनय कुमार और विशाल विश्वकर्मा की ओर से संयुक्त रूप से निःशुल्क पेयजल सेवा की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही पांचवें सम्मान समारोह का आयोजन कर क्षेत्र के लगभग 50 समाजसेवियों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि करंजाकला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन और विशिष्ट अतिथि भाजपा करंजाकला मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह दीपक ने किया। मुख्य अतिथि ने ग्राम प्रधान को पानी से भरा गिलास भेंट कर निःशुल्क पेयजल सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत मेले में आने वाले लोगों को निःशुल्क पानी उपलब्ध कराया गया।
पांचवें सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के माध्यम से योगदान देने वाले लगभग 50 लोगों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सुनील यादव मम्मन ने कहा कि समाजसेवा के लिए किसी बड़े कार्य का होना जरूरी नहीं है। छोटे-छोटे सहयोग और प्रयास भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करते हुए समाज के सामने अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि प्रशांत सिंह दीपक ने निःशुल्क पेयजल व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा का सराहनीय उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि गिरधरपुर और औरही गांव के बीच आयोजित होने वाले ऐतिहासिक भेलहिया मेले से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा जुड़ी हुई है। यह मेला प्राचीन काल से आयोजित होता आ रहा है। पूर्वजों ने जिस परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाया है, उसे नई पीढ़ी को भी उसी भावना के साथ संरक्षित रखना चाहिए।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे स्वदेश भारत न्यूज़ के मुख्य संपादक स्वदेश कुमार और न्यूज़ भीम इंडिया के संपादक रामचंद्र नागर ने आयोजकों की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे युवाओं की जरूरत है। सभी को मिलकर इस तरह के पुनीत कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर साई दिव्यांग केयर के संचालक डॉ. लल्लन विश्वकर्मा, सन्नी विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। सोशल स्टडी प्वाइंट के निदेशक रामसागर विश्वकर्मा ने मंच संचालन किया, जबकि अंकित सेन ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
मेले में पहुंचे लोगों ने आयोजन का आनंद लेने के साथ सम्मान समारोह में भी सहभागिता की। इस अवसर पर ग्राम सभा औरही के प्रधान बीजू राम, करंजाकला मंडल उपाध्यक्ष अमित कुमार श्रीवास्तव समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तृप्ति प्रमाण | जौनपुर


