बेंगलुरु में पहली राष्ट्रमंडल महिला सांसद परिषद में शामिल हुईं वसई की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित |

Share:

महिला जनप्रतिनिधियों के डिजिटल और साइबर सशक्तिकरण पर चर्चा; 18 नवंबर को महिला विधायकों की क्षमता निर्माण पर विशेष सत्र |

वसई : राष्ट्रमंडल संसदीय मंडल की ओर से बेंगलुरु में पहली राष्ट्रमंडल महिला सांसद परिषद का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परिषद में पालघर जिले के वसई विधानसभा क्षेत्र की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित भी सहभागी हुई हैं। परिषद में महिला जनप्रतिनिधियों के डिजिटल सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा और उनकी नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।

परिषद के पहले दिन ‘महिलाओं का डिजिटल सशक्तिकरण : सुरक्षित साइबर स्पेस और स्मार्ट विकल्प’ विषय पर विशेष चर्चा सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस सत्र में डिजिटल युग में महिला जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

वहीं, 18 नवंबर को सुबह महिला विधायकों की क्षमता निर्माण और मार्गदर्शन से संबंधित विशेष सत्र आयोजित होगा। इसमें महिला जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता, नेतृत्व कौशल और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका को और सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस परिषद में अपनी सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए अधिक प्रभावी पहल की जा रही है। डिजिटल और साइबर सशक्तिकरण की दिशा में यह परिषद एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे महिला जनप्रतिनिधियों और आम महिलाओं को सुरक्षित डिजिटल वातावरण के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी।

रिपोर्ट: साहिल यादव

Share: