विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने कहा– किन्नर समाज का सम्मान करने का यह उनके जीवन का पहला कार्यक्रम; संजय गांधी निराधार योजना से जोड़ने का दिया आश्वासन
वसई | तृप्ति प्रमाण
दिवाली के पावन अवसर पर समाज के उपेक्षित और वंचित वर्गों को सम्मान, अपनापन और खुशियां देने के उद्देश्य से प्रतीक्षा फाउंडेशन की ओर से किन्नर समाज के लिए विशेष दिवाली स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया। फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष उत्तम कुमार नायर की पहल पर आयोजित यह कार्यक्रम हर्षोल्लास और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वसई की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित उपस्थित रहीं। इसके अलावा वसई-विरार महानगरपालिका के महापौर अजीव यशवंत पाटील, स्थायी समिति के सभापति प्रवीण शेट्टी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
किन्नर समाज को सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने कहा कि किन्नर समाज के सदस्यों का सम्मान और सत्कार करने का यह उनके जीवन का पहला कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
उन्होंने किन्नर समाज के जरूरतमंद सदस्यों को संजय गांधी निराधार योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही तालुका और जिला स्तर पर किन्नर समाज का सम्मेलन आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ समुदाय तक पहुंचाने की बात कही।
केंद्र सरकार के प्रस्तावित सुधार विधेयक को लेकर यदि कोई भ्रम या गलतफहमी है, तो उसे दूर करने के लिए भी प्रयास करने का भरोसा उन्होंने दिलाया।
महानगरपालिका में रोजगार और सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल
महापौर अजीव यशवंत पाटील ने किन्नर समाज के सदस्यों की समस्याएं सुनीं और महानगरपालिका की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि महानगरपालिका के माध्यम से मार्शल के रूप में काम करने का अवसर किन्नर समाज को उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
इस पहल के लिए किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर का सम्मान किया। उन्होंने समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने की बात भी कही।
मिठाई, साड़ी और अनाज किट का वितरण
दिवाली के अवसर पर सम्मेलन में उपस्थित किन्नर समाज के सदस्यों को मिठाई, साड़ियां और अनाज की किट वितरित की गईं। विधायक स्नेहा दुबे-पंडित के हाथों उपहार प्रदान कर सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस सम्मान और सहयोग के लिए समुदाय के सदस्यों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे किन्नर समाज के प्रतिनिधि
इस स्नेह सम्मेलन में दिल्ली, भोपाल, कल्याण और मुंबई सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किन्नर समाज के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान समुदाय के सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम में निक्की चावला, रितु बागवी, पवित्रा, कृष्णा, मोहिनी, नवाब, साहिल और फैयाजी भाऊ सहित किन्नर समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कोरोना काल से जारी है सेवा कार्य: उत्तम कुमार नायर
प्रतीक्षा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष उत्तम कुमार नायर ने बताया कि कोरोना महामारी के समय से ही वह विभिन्न माध्यमों से किन्नर समाज की सहायता करते आ रहे हैं। समुदाय के प्रति उनका सहयोग और सेवा कार्य लगातार जारी है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी के सहयोग से केरल में भी किन्नर समाज के लिए लगभग 12 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
उत्तम कुमार नायर ने कहा कि समाज के उपेक्षित वर्गों को सम्मान, सहयोग और आत्मीयता प्रदान करना उनकी प्राथमिकता रही है। पिछले कई वर्षों से इसी सामाजिक भावना के साथ फाउंडेशन कार्य कर रहा है।
राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं के साथ आयोजित इस दिवाली स्नेह सम्मेलन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण


