पालघर में जनजातीय गौरव सेवा सप्ताह का उत्साहपूर्ण समापन, आदिवासी विकास पर दिया जोर |

Share:

मोखाडा के पळसपाडा-पोशेरा में आयोजित समारोह में योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प

पालघर : क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र शासन की ओर से 11 से 18 नवंबर तक आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिन सेवा सप्ताह’ का समापन मोखाडा तालुका के पळसपाडा-पोशेरा में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। समापन समारोह में आदिवासी समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

आदिवासी विकास आयुक्त लीना बनसोड की उपस्थिति तथा विधायक हरिश्चंद्र भोये की प्रमुख मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में शबरी आदिवासी वित्त एवं विकास महामंडल की योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता, महिला बचत समूहों के सशक्तीकरण, स्वरोजगार, कृषि एवं पशुपालन, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। डिजिटल लेनदेन और वित्तीय साक्षरता को लेकर भी नागरिकों में जागरूकता पैदा की गई।

समारोह के दौरान आदिवासी विकास आयुक्त लीना बनसोड ने आदिवासी महिलाओं और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और रोजगार के लिए होने वाले पलायन को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयुक्त ने परिवर्तन महिला संस्था और ग्रामीण स्टार संस्था के विभिन्न उपक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आदिवासी नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

Share: