वरोरा में आंदोलन कर रहे मछुआरों की मदद के लिए राज्यभर के कोलीवाड़ों में खाद्य सामग्री जुटाने की मुहिम; मुंबई के माहिम से शुरू हुआ अभियान वसई तक पहुंचा
वसई : डहाणू में प्रस्तावित वाढवण बंदर परियोजना के विरोध में वरोरा में आंदोलन कर रहे मछुआरों को अब वसई के कोलीवाड़ा से भी समर्थन मिल रहा है। आंदोलनकारियों की सहायता के लिए राज्य के विभिन्न कोलीवाड़ों में आवश्यक खाद्य सामग्री एकत्र करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी पहल के तहत वसई-विरार के मछुआरा समुदाय ने भी बड़ी मात्रा में मछली भेजकर आंदोलनकारियों के प्रति एकजुटता जाहिर की है।
गौरतलब है कि डहाणू में प्रस्तावित वाढवण बंदर परियोजना का स्थानीय ग्रामीणों, मछुआरा समुदाय, आदिवासी समाज, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा विरोध किया जा रहा है। परियोजना के खिलाफ वरोरा में कई बार आंदोलन और रैलियां निकाली गईं। इसके बावजूद बंदरगाह निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
निर्माण कार्य रोकने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने 15 नवंबर से वरोरा क्षेत्र में धरना शुरू किया है। आंदोलन को मजबूती देने और प्रदर्शनकारियों की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न कोलीवाड़ों में खाद्य सामग्री संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम की शुरुआत मुंबई के माहिम कोलीवाड़ा से हुई थी, जो अब वसई कोलीवाड़ा तक पहुंच चुकी है।
इसी अभियान के तहत बुधवार को वसई कोलीवाड़ा के मछुआरों और स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी मात्रा में मछली एकत्र कर आंदोलन स्थल पर भेजी। मछुआरा समुदाय के लोगों का कहना है कि मछली उनके लिए केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, परंपरा और जीवन का प्रतीक है। इसी भावना के साथ उन्होंने आंदोलनरत मछुआरों के लिए मछली भेजकर अपना समर्थन व्यक्त किया।
मछुआरा संगठनों का मानना है कि इस तरह की सामूहिक पहल से वाढवण बंदर विरोधी आंदोलन अब किसी एक गांव या जिले तक सीमित नहीं रहा है। मुंबई से पालघर तक विभिन्न कोलीवाड़ों की भागीदारी इस संघर्ष को व्यापक जनसमर्थन मिलने का संकेत दे रही है।


