महापरिनिर्वाण दिवस से पहले 4 से 7 दिसंबर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग
मुंबई : मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। लोकल में चाकू से हमले, रेलवे पुलों की मरम्मत के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा, आपातकालीन चिकित्सा सहायता में देरी और शेयरिंग टैक्सी चालकों की कथित मनमानी किराया वसूली जैसे मुद्दे लोहमार्ग पुलिस प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक में उठाए गए।
पुलिस आयुक्त एम. राकेश चंद्र कलासागर (आईपीएस) की अध्यक्षता तथा पुलिस उपायुक्त सुनीता वी. सालुंखे ठाकरे की उपस्थिति में हुई बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
भालेराव ने 23 जून 2026 को लोकल ट्रेन में चाकू से हुए हमले में एक युवक की मौत और 15 नवंबर को अंधेरी के पास चाकू लगने से एक यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त गश्त, सीसीटीवी निगरानी तथा भीड़भाड़ वाले समय में विशेष सुरक्षा दल तैनात करने की मांग रखी।
उन्होंने लोकल में बेहोश होने वाले यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, एंबुलेंस और अस्पताल में भर्ती की प्रक्रिया के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही प्रत्येक लोकल के अंतिम फेरे के बाद सभी डिब्बों की जांच करने की मांग भी की।
रेलवे पुलों की मरम्मत के दौरान रास्ते बंद होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाते हुए भालेराव ने वैकल्पिक सुरक्षित रास्ते और पर्याप्त दिशा-सूचक संकेतक उपलब्ध कराने की मांग की।
दादर मध्य, दादर पश्चिम और माटुंगा रेलवे स्टेशनों के बाहर चलने वाली शेयरिंग टैक्सियों के निर्धारित किराये सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने तथा कथित मनमानी वसूली करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी बैठक में रखी गई।
इसके अलावा, 6 दिसंबर को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस के मद्देनजर 4 से 7 दिसंबर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके तहत दादर, माटुंगा, सायन, कुर्ला, परेल, प्रभादेवी और सीएसएमटी सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष पुलिस बंदोबस्त, चिकित्सा केंद्र, एंबुलेंस, स्ट्रेचर, पेयजल और सहायता कक्ष उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
संजय रमेश भालेराव ने कहा कि मुंबई लोकल लाखों यात्रियों की जीवनरेखा है और यात्रियों की सुरक्षा तथा उनके जीवन से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


