धारावी पुनर्विकास शिविर का शाहूनगरवासियों ने किया बहिष्कार, 22 मांगों पर अड़े निवासी |

Share:

मास्टर प्लान और सेक्टरवार नक्शे सार्वजनिक करने की मांग; सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव ने लिखित गारंटी मिलने तक सहयोग नहीं करने की चेतावनी दी

मुंबई : धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत माहिम स्थित राजर्षि शाहूनगर मैदान के सेक्टर क्रमांक-1 में अदाणी नवभारत मेगा डेवलपर्स की ओर से आयोजित दो दिवसीय शिविर का स्थानीय निवासियों ने सामूहिक रूप से बहिष्कार किया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित शिविर में शामिल होने के बजाय निवासी मैदान के बाहर एकत्र हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

निवासियों का आरोप है कि संपूर्ण मास्टर प्लान, सेक्टरवार नक्शे और पुनर्वसन से जुड़ी शर्तें सार्वजनिक किए बिना पुनर्विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उनका कहना है कि अलग-अलग इमारतों के निवासियों को अलग-अलग समय पर शिविर में बुलाना भी आपसी एकजुटता को कमजोर करने का प्रयास है।

22 प्रमुख मांगों पर अड़े शाहूनगर के निवासी

सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव ने बताया कि शाहूनगर के निवासियों की 22 प्रमुख मांगें हैं। इनमें मूल स्थान पर पुनर्वसन, 860 से 1100 वर्गफुट तक के घर, ट्रांजिट कैंप की व्यवस्था, हर महीने 50 हजार रुपये किराया, दस वर्षों तक रखरखाव, प्रत्येक फ्लैट के लिए 25 लाख रुपये का कॉर्पस फंड और जमीन का मालिकाना हक सोसायटी को देने जैसी मांगें शामिल हैं।

1967 से 1970 के बीच हुआ था पुनर्वसन

भालेराव के अनुसार, शाहूनगर बस्ती लगभग 13 से 14 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है और यहां 47 पक्के भवन हैं। वर्ष 1967 से 1970 के बीच यहां नागरिकों का पुनर्वसन किया गया था।

लिखित गारंटी मिलने तक सहयोग नहीं

संजय रमेश भालेराव ने स्पष्ट किया कि जब तक निवासियों की सभी मांगों पर लिखित गारंटी और पुनर्विकास योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक शाहूनगर के निवासी पुनर्विकास प्रक्रिया में सहयोग नहीं करेंगे।

निवासियों की प्रमुख मांग है कि पुनर्विकास से संबंधित पूरी योजना, नक्शे और पुनर्वसन की शर्तें पहले सार्वजनिक की जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों को अपने भविष्य के आवास और अधिकारों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

Share: