आयशा क्लिनिक पर मनपा की कार्रवाई; नेबुलाइजर, डिजिटल बीपी मशीन और 1,890 रुपये की एलोपैथिक दवाइयां जब्त
नालासोपारा : नालासोपारा पूर्व के हरवटेपाड़ा स्थित श्री साई सोसायटी में कथित तौर पर बिना मान्य मेडिकल डिग्री के एलोपैथिक पद्धति से मरीजों का इलाज करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पेल्हार पुलिस ने आयशा क्लिनिक संचालित करने वाली महिला के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, महानगरपालिका के वैद्यकीय विभाग के धनिवनगरी केंद्र के अधिकारी डॉ. कृष्णा युवराज गोसावी (44) की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि आयशा क्लिनिक इलेक्ट्रो होम्योपैथी की संचालक डॉ. सानिया सुधाकर सांबरे (34) के पास आवश्यक मेडिकल डिग्री नहीं होने के बावजूद एलोपैथिक दवाइयों और उपकरणों के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
इस मामले में पेल्हार पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1081/2026 के तहत महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट, 1961 की धारा 33, 36(1) और 36(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
मेडिकल उपकरण और दवाइयां जब्त
कार्रवाई के दौरान महानगरपालिका अधिकारियों ने एक नेबुलाइजर मशीन, डिजिटल बीपी मशीन और एलोपैथिक दवाइयां जब्त कीं। जब्त दवाइयों में ओंडेम की 50 गोलियां, मेट्रोजिल 400 एमजी की 150 गोलियां, सिप्रोफ्लोक्सासिन की 10 गोलियां और ओमेप्राजोल 20 एमजी की 18 गोलियां शामिल हैं।
जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत 1,890 रुपये दर्ज की गई है। फिलहाल पेल्हार पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


