पालघर के मछुआरों की समस्याओं पर अहम बैठक, विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मत्स्य मंत्री नितेश राणे से की चर्चा |

Share:

मछुआरा संस्थाओं को बर्फ कारखाने और कोल्ड स्टोरेज की सुविधा दिलाने, रो-रो बोट सेवा और तटीय सड़क के प्रस्ताव पर भी हुआ विचार-विमर्श

वसई : पालघर जिले के मछुआरा समुदाय की समस्याओं के समाधान, उनकी आजीविका को मजबूत बनाने और वसई की समुद्री तटीय सुविधाओं के विकास को लेकर वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने महाराष्ट्र के मत्स्य मंत्री नितेश राणे के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान मछुआरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वसई की मछुआरा संस्थाओं को बर्फ कारखाने, कोल्ड स्टोरेज और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के विभिन्न घटकों का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। मछलियों के सुरक्षित भंडारण और उनकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के विकल्पों पर विचार-विमर्श हुआ, ताकि मछुआरों के व्यवसाय को आर्थिक मजबूती मिल सके।

वसई-नायगांव-घोड़बंदर के बीच रो-रो बोट सेवा पर चर्चा

बैठक में वसई, नायगांव पूर्व और घोड़बंदर को जोड़ने वाली रो-रो (रोल ऑन-रोल ऑफ) बोट सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इस सेवा के माध्यम से जल परिवहन को बढ़ावा देने और यात्रियों को आवागमन का वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराने की दिशा में पहल हो सकती है।

अर्नाला से सुरुची समुद्र तट तक तटीय सड़क का प्रस्ताव

इसके अलावा अर्नाला से सुरुची समुद्र तट तक निरंतर तटीय सड़क विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इस दौरान तटीय संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण को बनाए रखने के विभिन्न विकल्पों पर चर्चा हुई।

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मछुआरा समुदाय की आजीविका को मजबूत करने, परिवहन सुविधाओं का विस्तार करने और वसई की प्राकृतिक तटीय विरासत के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही। उन्होंने संबंधित मुद्दों पर आगे भी पाठपुरावा जारी रखने की बात कही।

संवाददाता: साहिल यादव
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक – तृप्ति प्रमाण

Share: