वसई-विरार में परिवहन व्यवस्था बेहतर बनाने की पहल, चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा होने पर बसों का संचालन होगा अधिक सुगम
वसई-विरार : महानगरपालिका क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भाजपा विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने सातिवली और नवघर स्थित चार्जिंग स्टेशनों का दौरा कर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने बताया कि महानगरपालिका को पहले 40 इलेक्ट्रिक बसें मिल चुकी हैं, जबकि अब 40 नई बसें भी उपलब्ध हो रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना के अंतर्गत महानगरपालिका को कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि पहले उपलब्ध कराई गई इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग की सुविधा मुख्य रूप से नालासोपारा और विरार तक सीमित थी। इसके कारण वसई विधानसभा और बोईसर विधानसभा क्षेत्रों में इन बसों का संचालन करने में व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही थीं।
विधायक ने कहा कि सभी इलेक्ट्रिक बसों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन विकसित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से सातिवली और नवघर स्थित चार्जिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया गया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
उन्होंने उम्मीद जताई कि चार्जिंग स्टेशनों का काम पूरा होने के बाद वसई-विरार क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अधिक सुगम होगा और नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
संवाददाता: साहिल यादव


