ताजा खबरें

“वन भूमि में बिना अनुमति किया गया सड़क चौड़ीकरण; डिप्टी रेंजर ने सीज की JCB”

कांठ–मुरादाबाद मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा चलाए जा रहे सड़क चौड़ीकरण के कार्य को वन क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति के अंजाम दिया जा रहा था। इस मामले में डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर कार्य को तुरंत रोक दिया और जेसीबी मशीन को अधिकारपूर्वक जब्त कर लिया।

सहसपुर बॉर्डर से छजलैट तक का सड़क चौड़ीकरण का काम पिछले छह महीनों से अत्यंत धीमी गति से प्रगति पर था। कांठ–मुरादाबाद मार्ग पर अनियमित खुदाई के कारण गहरे गड्ढे निर्मित हो गए थे, जिससे कई दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके थे। साथ ही, भारी वाहनों के फंसने से हाईवे पर आवागमन में भी दिक्कतें उत्पन्न हो रही थीं। नागरिकों की शिकायत पर एसडीएम श्री संत दास पवार ने लोक निर्माण विभाग को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए थे।

लोक निर्माण विभाग ने पहले श्री गांधी आश्रम से रसूलपुर रेलवे क्रॉसिंग तक का सड़क नवीनीकरण पूरा कर लिया था। तत्पश्चात्, बिना वन विभाग से अनुमति लिए, वे रसूलपुर रेलवे क्रॉसिंग से लेकर वन संरक्षित क्षेत्र में स्थित छजलैट तक कार्य शुरू कर दिया। इस सूचना पर वन अधिकारियों ने उच्च स्तरीय अधिकारियों को सूचित कर दिया था।

बुधवार की प्रातः, डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ रसूलपुर नहर के आसपास पहुंचे और अवैध निर्माण कार्य को रोकते हुए JCB मशीन को तुरंत जब्त कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएफओ मुरादाबाद वर्तमान में लखनऊ में आयोजित बैठक में भाग ले रहे हें, और उनके लौटने के पश्चात् इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर: अंकित पाल
स्रोत: तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक

Sharad Sharma

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.