नायगांव के पाल्नापाड़ा स्थित श्री पालनेश्वर धाम में महाशिवरात्रि का पर्व इस वर्ष बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ी और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर विधि-विधान से रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज सेवक दिनेश म्हात्रे, सुनील मिश्रा तथा पालनेश्वर धाम के पीठाधीश शेषधर जी महाराज का विशेष मार्गदर्शन रहा। मुख्य पुजारी शिवशंकर यादव, आशुतोष महाराज, पंडित कैलाश नाथ पाठक, कमलेश उपाध्याय, रमेश यादव, बृजेश उपाध्याय और पराग शर्मा के सहयोग से समस्त धार्मिक अनुष्ठान विधिपूर्वक संपन्न हुए।
मंदिर समिति के सहयोग और भक्तों की सक्रिय सहभागिता से सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। महाशिवरात्रि का यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आस्था, श्रद्धा और एकता का प्रतीक बन गया।