‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान और SIR की समीक्षा; जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का किया आह्वान
पालघर। पालघर जिला कांग्रेस कमेटी की जिला कार्यकारिणी बैठक रविवार को मनोर स्थित साइलेंट हिल रिसॉर्ट में जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर की अध्यक्षता में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दोपहर 3 बजे आयोजित इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक रणनीति और कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की अभियान निरीक्षक एवं पूर्व विधायक मनीषा पनवर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा नवनियुक्त लोकसभा प्रभारी राजेश शर्मा, जिला प्रभारी नंदा म्हात्रे, बोईसर विधानसभा प्रभारी विश्वजीत और डहाणू विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा का स्वागत एवं सत्कार किया गया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, तालुकाध्यक्षों, शहराध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
गांव-गांव तक संगठन विस्तार पर जोर
बैठक में पालघर जिले के प्रत्येक तालुका और गांव में कांग्रेस संगठन का विस्तार करने तथा नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया गया। संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी चर्चा हुई।
SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा
बैठक के दौरान SIR अभियान के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान तालुकाध्यक्षों और BLA-1 से अभियान की प्रगति, कार्यों के दौरान सामने आ रही समस्याओं और उनकी स्थिति की जानकारी ली गई। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने तथा सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
नवनियुक्त तालुकाध्यक्षों ने रखे प्रस्ताव
बैठक में नवनियुक्त तालुकाध्यक्षों ने अपनी प्रस्तावित कार्यकारिणी के गठन से संबंधित प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर संगठन को व्यवस्थित और मजबूत बनाने की दिशा में चर्चा की गई।
एकजुटता और अनुशासन के साथ काम करने का आह्वान
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता और अनुशासन के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने जनता के बीच सक्रिय रहने और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में पालघर जिले में कांग्रेस को मजबूत जनाधार वाला संगठन बनाने का संकल्प लिया गया।
रिपोर्ट:


