उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं आज दिनांक अठारह फरवरी, दिन बुधवार से राज्य भर में प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए शासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुरादाबाद में चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में स्थापित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य मेजर सुदेश भटनागर ने बताया कि कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कार्यालय में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन संजीव प्रसारण के माध्यम से किया गया। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और केंद्रों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
इस अवसर पर शासन द्वारा नामित मंडलीय पर्यवेक्षक रमजान कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संत आनंद शर्मा, लेखाधिकारी राकेश चंद्र मौर्य, बबीता मेहता, रवींद्र चौहान और परीक्षा प्रभारी संदीप कुमार उपस्थित रहे।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी विद्यार्थी की फीस जमा नहीं है, तब भी उसे परीक्षा में बैठने से नहीं रोका जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि फीस संबंधी प्रकरणों में विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र न रोके जाएं, ताकि किसी भी छात्र का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
तृप्ति प्रमाण के ब्यूरो चीफ पंडित शरद शर्मा ने आज बुधवार को बुध बाजार स्टेशन रोड स्थित एसएस इंटर कॉलेज, जीए हिंदू कॉलेज और हिंदू मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा की गई परीक्षा तैयारियों, बैठक व्यवस्था, प्रवेश पत्र सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी उत्साहित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नजर आए। पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
ब्यूरो चीफ शरद शर्मा ने समस्त परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और शासन-प्रशासन तथा विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए गए व्यवस्थापन के लिए आभार व्यक्त किया। परीक्षा की ताजा अपडेट और स्थानीय खबरों के लिए तृप्ति प्रमाण न्यूज़ पोर्टल से जुड़े रहें।