वसई विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। क्षेत्र की विधायक स्नेहा दुबे पंडित के प्रयासों के चलते वसई तालुका की कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए करीब 25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। मिली जानकारी के अनुसार यह निधि आगाशी, वटार, नाले, वाघोली, निर्मल, वसई, पापडी, उमेला, नायगांव, जुचंद्र और बापाणे को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों के सुधार कार्यों पर खर्च की जाएगी। इस योजना के तहत सड़कों का डामरीकरण, कंक्रीटीकरण और नालों के निर्माण जैसे काम किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। बताया जा रहा है कि इन कार्यों को मंजूरी दिलाने के लिए विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने राज्य सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए थे। उनके प्रस्ताव के बाद सार्वजनिक बांधकाम मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने संबंधित सड़क विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। इस परियोजना के लागू होने के बाद वसई तालुका के कई इलाकों में आवाजाही आसान होने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने इस मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संवाददाता: साहिल यादव तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी