---Advertisement---

नालासोपारा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: फर्जी मेडिकल दस्तावेज बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश, डॉक्टर सहित चार नामजद |

---Advertisement---

नमस्कार, तृप्ति प्रमाण के लिए ब्यूरो चीफ राजेश कोरी की रिपोर्ट।
नालासोपारा पूर्व इलाके में स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई अंजाम दी है। वसई-विरार महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारकर फर्जी मेडिकल दस्तावेज और इंश्योरेंस धोखाधड़ी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में आचोले पुलिस स्टेशन में एक डॉक्टर सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई नियमित निरीक्षण के दौरान सामने आई। नागरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलालपाड़ा की चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शाहीन जमीर शेख ने अपनी टीम के साथ 24 अप्रैल को नालासोपारा पूर्व के पूजा तनिष्क अपार्टमेंट स्थित ‘किरण हॉस्पिटल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर’ का निरीक्षण किया। वहां मौजूद स्टाफ ने बताया कि अस्पताल पिछले एक साल से बंद है और वहां कोई मरीज भर्ती नहीं होता। लेकिन टीम को जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद गहन तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम हैरान रह गई। मौके से 70 से 80 अलग-अलग अस्पतालों के लेटरहेड, नकली आईपीडी दस्तावेज और बिल बुक बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विभिन्न अस्पतालों के नाम पर फर्जी फाइलें तैयार कर इंश्योरेंस क्लेम के जरिए अवैध आर्थिक लाभ कमाने का खेल चल रहा था। मौके से कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, आईपीडी रजिस्टर और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं।
महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर भक्ति चौधरी के निर्देश पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। आचोले पुलिस ने डॉक्टर अनुराग यादव, रमेश गुप्ता, विनीता और नेहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह रैकेट कितने समय से सक्रिय था और इसमें अन्य कौन-कौन से अस्पताल या बीमा एजेंट शामिल हैं।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में फर्जी मेडिकल सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
जांच अभी जारी है। तृप्ति प्रमाण इस मामले पर नजर बनाए हुए है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh