---Advertisement---

पालघर मानसून तैयारी: पालकमंत्री गणेश नाईक का निर्देश, दुर्गम क्षेत्रों में खाद्य-औषधि भंडारण अनिवार्य |

---Advertisement---

पालघर. वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने जिला प्रशासन को मानसून पूर्व तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित मानसून पूर्व समीक्षा एवं खरीफ योजना बैठक में उन्होंने संभावित अतिवृष्टि, बाढ़ और आपातकालीन स्थितियों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
दुर्गम वाड्या-वस्तियों में भारी बारिश के दौरान नागरिकों के फंसने की आशंका को देखते हुए पालकमंत्री ने इन क्षेत्रों में पहले से खाद्य सामग्री का भंडार बनाने को कहा है। उनके अनुसार, यदि स्थानीय निवासी सात से आठ दिनों तक अपने गांव से बाहर नहीं निकल पाते, तब भी उन्हें राशन, चाय, चीनी, बिस्कुट और अन्य जरूरी वस्तुएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं।


इसके लिए उन्होंने नवी मुंबई महापालिका में लागू सफल आपदा प्रबंधन मॉडल का हवाला दिया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने हेतु ऊंचाई वाले विशेष वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी इस दौरान दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर चर्चा करते हुए पालकमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश की दवाओं सहित आपातकालीन औषधियों का पर्याप्त स्टॉक रखने को अनिवार्य किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी दवाओं की गुणवत्ता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
शहरी क्षेत्रों में खुली विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों को लेकर सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए उन्होंने पानी जमा होने वाले ‘हॉटस्पॉट’ क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
पालकमंत्री ने नवी मुंबई में लागू ‘होल्डिंग पॉन्ड’ अवधारणा के सकारात्मक परिणामों का जिक्र करते हुए पालघर में भी ऐसे प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने के संकेत दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित के कार्यों में केंद्र एवं राज्य सरकार पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करेगी।
आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का उपयोग तेज करने के निर्देश दिए गए। नागरिकों को आपदा के दौरान क्या सावधानियां बरतनी हैं, यह जानकारी प्रसारित करना अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।
बैठक में सांसद डॉ. हेमंत सवरा, जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड़, वसई-विरार महापालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., सहायक जिलाधिकारी विशाल खत्री, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागड़े और पालकमंत्री के निजी सचिव भावनजी आगे पाटील सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh